मोदी और योगी सरकार दोनों मिलकर यूपी और देश को आगे ले जाने का काम करेंगे : अमित शाह


BJP
महेन्द्र नाथ पांडेय, अमित शाह, योगी आदित्य नाथ
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह ने  वाराणसी  के महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्पोर्ट्स ग्राउंड में स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘युवा उद्घोष’ रैली को संबोधित किया और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर श्री योगी आदित्यनाथ सरकार में उत्तर प्रदेश के विकास में गति की प्रशंसा किया ।


‘युवा उद्घोष’ के इस कार्यक्रम में वाराणसी लोकसभा के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया था कि वाराणसी लोकसभा के सभी 1,736 बूथों के प्रत्येक बूथ से 10 युवा कार्यकर्ताओं को ‘युवा उद्घोष’ रैली भाग लेना  था। इन सभी कार्यकर्ताओं ने डिजिटल भुगतान करके पहली बार भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

अध्यक्ष ने कहा कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पूरे हिंदुस्तान की ऊर्जा का अक्षय स्रोत और आध्यात्मिक केंद्र है। उन्होंने कहा कि सोने पर सुहागा है कि बाबा विश्वनाथ की नगरी, बाबा संकटमोचन की नगरी और दादा भैरव की नगरी वाराणसी के सांसद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी हैं। उन्होंने ‘युवा उद्घोष’ कार्यक्रम में भाजपा के साथ जुड़ने के लिए युवाओं का ह्रदय से पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राजनीतिक दल होने के साथ–साथ एक विचारधारा, एक आंदोलन और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत के पुनर्निर्माण का संकल्प भी है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने गुलामी के जमाने में भारत का जयघोष विश्व संसद में किया और आजादी के 70 साल बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पूरे विश्व में भारत का जयघोष कर रहे हैं।


उन्होंने युवाओं का भाजपा में स्वागत करते हुए कहा कि जब आप भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़ते हैं तब आप विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के सदस्य बनते हैं, आप एक ऐसी पार्टी के साथ जुड़ते हैं जिसके 330 से अधिक सांसद, 1397 से अधिक विधायक हैं, देश के 19 राज्यों में जिसकी सरकारें हैं और जो पार्टी देश के 80% भू-भाग पर जनता की सेवा कर रही है। उन्होंने कहा कि स्थापना के समय से लेकर आज तक हमारी परंपरा रही है कि भारतीय जनता पार्टी जाति अथवा धर्म के आधार पर चलने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि यह विचारधारा और कार्यकर्ताओं के आधार पर चलने वाली पार्टी है।


श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में मेरी शुरुआत भी एक बूथ अध्यक्ष के रूप में हुई थी। उन्होंने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो एक बूथ कार्यकर्ता को राष्ट्रीय अध्यक्ष तक पहुँचने का मौक़ा देती है, जो किसी चाय बेचने वाले गरीब के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनने का मौक़ा देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वाराणसी के भौतिक विकास (सड़क, बिजली, पानी, इन्फ्रा) के लिए जो किया है, वह यदि कांग्रेस शासन में पिछले 70 सालों में हुआ होता तो आज वाराणसी अपने प्राचीन गौरव को प्राप्त कर चुका होता। उन्होंने कहा कि महज 3 साल के अंदर वाराणसी में 2900 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट्स शुरू कर दिये गये हैं और आज विकास धरातल पर दिखाई भी दे रहा है। 


उन्होंने कहा कि मैं आज ‘युवा उद्घोष’ कार्यक्रम के माध्यम से देश के सभी लोगों से एक बात फिर से कहना चाहता हूँ कि बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी के आध्यात्मिक गौरव को एक इंच भी कम किये बगैर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हम यहाँ की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे पुरातन नगरी का संदेश समग्र विश्व में गौरव के साथ जाना चाहिए कि किस तरह से मोदी जी के नेतृत्व में विकास की गाथा भारत में चल रही है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पिछले साढ़े तीन साल में देश के गाँव, गरीब, किसान, दलित, पिछड़े, युवा एवं महिलाओं के कल्याण के लिए कई कार्यक्रम शुरू किये हैं और इसे नीचे तक पहुंचाने का प्रबंध किया है। उन्होंने कहा कि देश के गरीबों की चिंता पहली बार यदि किसी सरकार ने की है तो वह मोदी सरकार है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में लगभग साढ़े तीन करोड़ गरीब महिलाओं को गैस का कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है, आजादी के 70 साल बाद बिजली से वंचित लगभग 19 हजार गाँवों के इलेक्ट्रीफिकेशन की योजना शुरू की गई है जिसे मई, 2018 तक पूरा कर लिया जाएगा, साढ़े 9 करोड़ से अधिक युवाओं को मुद्रा बैंक योजना के तहत स्वरोजगार प्रदान किया गया है और लगभग साढ़े सात करोड़ घरों में शौचालय बनाने का काम भी पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी के साथ-साथ देश भर के कई शहरों को अर्बन डेवलपमेंट मिशन के तहत स्मार्ट सिटी बनाने की नई पहल की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से स्टार्ट-अप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और मुद्रा योजना का संपुट तैयार किया गया है।


उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार की प्रशंसा करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यूपी सरकार बहुत अच्छे तरीके से काम कर रही है, एक साल से भी कम समय में उत्तर प्रदेश में बहुत बड़ा परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि यूपी में किसानों के फसल की सरकार द्वारा रिकॉर्ड खरीदी हुई है और उनका पैसा सीधे उनके अकाउंट में ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार आने के बाद से अपराध में यूपी का ग्राफ धीरे–धीरे नीचे की ओर जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की क़ानून–व्यवस्था सुदृढ़ न हो, उस राज्य के युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता है। उन्होंने कहा कि इतने अल्प समय में सीमित संसाधन के बावजूद योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश की क़ानून–व्यवस्था को सुधारने का काम किया है, मैं इसके लिए उनको बहुत–बहुत साधुवाद देता हूँ। उन्होंने कहा कि योगी जी के आने के बाद से गाँव हो या शहर, 15 से 24 घंटे बिजली देने का काम उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने किया है। 

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Featured