![]() |
| कुशीनगर के तरयासुजान में जहरीली शराब पीने से पांच की मौत |
तरयासुजान : जनपद कुशीनगर के तरयासुजान थाना क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गयी है। एक अन्य की हालत गंभीर है जिसे मेडिकल कालेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी होने पर हरकत में आयी पुलिस और आबकारी विभाग की टीम जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
मंगलवार को मौनी अमावस्या के अवसर पर बिहार बार्डर पर नारायणी नदी के किनारे स्थित तरयासुजान थाना क्षेत्र के विरवट कोन्हवलिया में मेला लगा हुआ था।
यह भी पढ़े - कुशीनगर : 22 कोटेदारों की जमानत धनराशि जब्त
मेला में अन्य दुकानों के साथ साथ अवैध शराब की दुकानें भी सजीं थी। बताया जा रहा है कि मेला में जुटे कई गांवों के कुछ लोगों ने शराब पी जिनकी देर रात तबीयत बिगड़ती गयी।
इनमें चैनपट्टी निवासी अवध उम्र 50 वर्ष, बेदूपार खलवापट्टी निवासी चंचल उम्र 40 वर्ष एवं विरवट कोन्हवलिया निवासी संतोष उम्र 30 वर्ष की कुछ देर बाद ही मौत हो गयी। चैनपट्टी गांव निवासी हीरालाल उम्र 35 वर्ष एवं डेबा 55 वर्ष की मौत बुधवार को भोर में हो गयी। चैनपट्टी गांव के ही विकास कुमार की हालत बिगड़ने पर परिवारीजन तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए जहां डाक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए मेडिकल कालेज रेफर कर दिया।
यह भी पढ़े - कुशीनगर : लेखपालों ने कैंडल मार्च निकाल जताया विरोध
बतादे कि अभी भी कई अन्य लोगों के भी बीमार होने की सूचना मिल रही है जो इधर-उधर इलाज करा रहे हैं। घटना की जानकारी होने पर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंच घटना की जांच में जुट गयी है।
इस संबंध में एसपी राजीव नारायण मिश्र ने कहा कि एक की मौत बीमारी होने से बताया जा रहा है जबकि मृत दो व्यक्तियों के परिवारीजन जहरीली शराब पीने से मौत होने का आरोप लगा रहे हैं। दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि इनकी मौत किस वजह से हुई है।


Post a Comment