COVID-19: लॉकडाउन को लेकर यूपी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 161 पर एफआईआर दर्ज

UPP 


लखनऊ. : प्रदेश में कोरोना वायरस (COVID-19) का खतरा देखते हुए यूपी के कई शहरों में सरकार द्वारा लॉकडाउन (Lockdown) के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन के आदेश के बाद भी लोग निर्देशों का पालन करने में कोताही बरत रहे हैं।  इसके मद्देनजर यूपी पुलिस ने गाजियाबाद में 70 , लखनऊ में 52, कानपुर में 22 और प्रयागराज में 17 एफआईआर दर्ज की हैं। वहीं लखनऊ में लॉकडाउन उल्लंघन पर 45 वाहन सीज किए गए और 1345 वाहनों का चालान हुआ है।







आज सुबह लॉकडाउन को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के बाद यूपी में 16 जिलों में ही सख्ती शुरू कर दी गई। जिसके बाद एफआईआर दर्ज करने का सिलसिला शुरू हो गया। सोमवार शाम को पुलिस कमिश्नर लखनऊ सुजीत पांडे और डीएम लखनऊ अभिषेक प्रकाश ने लॉकडाउन के लिए एक अनुदेश जारी किया। 


लखनऊ के पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडे ने बताया कि आईपीसी की धारा 188/ 271 में एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस कमिश्नर के मुताबिक आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं से जुड़े लोगों को कार्रवाई से छूट दी है। स्वास्थ्य, मेडिकल शिक्षा, खाद्य आपूर्ति, बिजली, डाक विभाग जैसे कई विभागों को आवश्यक सेवाओं की श्रेणी में रखा गया है। वहीं खाने पीने की वस्तुएं, दूध, सब्जी, दवाई लाने की छूट दी गई है। 







COVID-19 के चलते घरों में रहने की हिदायत


डीएम लखनऊ अभिषेक प्रकाश ने लोगों से अपील की है कि COVID-19 को रोकने के लिए अपने घरों में ही रहें और सरकार व जिला प्रशासन के आदेशों का पूर्ण रूप से पालन करें। 


16 जिलों में तीन दिन के लिए लॉकडाउन


उत्तर प्रदेश सरकार ने कोरोना के प्रकोप के मद्देनजर महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राजधानी लखनऊ समेत 16 जिलों में तीन दिन के लिए लॉकडाउन घोषित किया गया है। मुख्यमंत्री ने रविवार को यहां संवाददाताओं से कहा था कि ऐसे 16 जिले जहां कोरोना वायरस से कोई भी व्यक्ति प्रभावित है, या किसी को पृथक किया गया है, उन जनपदों को 23 से 25 मार्च तक पूरी तरह लॉकडाउन किया गया है।








यूपी में COVID-19 के 31 केस पॉजिटिव


आप को बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 31 हो गई है। इसमें गाजियाबाद में तीन, आगरा, नोएडा व लखनऊ में 8-8 व मुरादाबाद, वाराणसी, लखीमपुर खीरी व पीलीभीत में एक-एक मरीज को कोरोना संक्रमित पाया गया है। वहीं इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या पूरे देश में 400 आंकड़ा पार कर चुकी है। इसी को देखते हुए यूपी के 16 शहरों में लॉकडाउन घोषित किया गया है। इन शहरों में 25 मार्च तक अति आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी कुछ बंद रहेगा। 

0/Post a Comment/Comments

Stay Conneted

Featured