![]() |
| श्री योगी आदित्य नाथ ( मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ) |
लखनऊ में कृषि, राजस्व एवं खाद्य व रसद विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ का दीप प्रज्ज्वलित कर मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्य नाथ ने शुभारम्भ किया तथा समारोह में कृषि विभाग के ‘द मिलियन फार्मर्स स्कूल (किसान पाठशाला) की पुस्तिका ‘यात्रा के सोपान’ का विमोचन किया।
‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह को मुख्यमंत्री श्री योगी ने सम्बोधित किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में पहली बार गांव, गरीब, किसान, नौजवान सरकार के मूल एजेण्डे में आया है। किसानों से सम्बन्धित सभी विभाग किसानों का हित सर्वोपरि रखकर, आसानी से उनकी समस्याओं के समाधान तथा सरलता से शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा प्रदेश सरकार के मूल एजेंडे में किसान, गांव, गरीब और नौजवान है। सरकार ने मात्र 10 महीनों के अंदर 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि डिजिटल ट्रॉन्जेक्शन और आरटीजीएस के माध्यम से सीधे किसानों के खातों में भेजने की व्यवस्था किया। उन्होंने कहा जब हम लोग सत्ता में आये थे, उस समय गन्ना किसानों की 24 हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि बकाया थी, हमारी सरकार उसका भुगतान करा दिया हैं। पहले किसानों को समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पाता था, इस बार समर्थन मूल्य भी मिल रहा है और गेहूं में हम लोगों ने 10 रुपये प्रति कुंतल और धान में 15 रुपये प्रति कुंतल अतिरिक्त धनराशि दे रहे हैं।
आलू किसानों की समस्या के लिए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में एक समिति गठित की है, इस समिति में राज्य के कृषि मंत्री, उद्यान मंत्री, वित्त मंत्री भी शामिल हैं। यह समिति बहुत शीघ्र रिपोर्ट देने वाली हैं। उसके अनुरूप हम लोग प्रदेश के अंदर आलू किसानों के लिए बेहतर योजना को सामने लेकर आ रहे हैं, जिससे किसी भी किसान को परेशानी न उठानी पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की खुशहाली किसानों की समृद्धि से जुड़ी हुई है। इसलिए राज्य सरकार ने पारदर्शी व्यवस्था बनाकर किसानों के लिए अधिकाधिक सुविधाएं सुनिश्चित की हैं, जिससे प्रदेश तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है। आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस है। निर्वाचन देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। देश में निर्वाचन की प्रक्रिया संविधान के अनुरूप, जाति, धर्म, लिंग जैसे भेदों से परे है। राज्य सरकार संविधान और आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की भावनाओं के अनुरूप ‘सबका साथ सबका विकास’ मूल मंत्र के साथ जन कल्याणकारी नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ा रही है।
श्री योगी ने समारोह में खातेदार को अंश निर्धारित खतौनी प्रदान की तथा किसान को सम्मानित किया और ‘उत्तर प्रदेश दिवस’ समारोह में कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया व कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया।


Post a Comment